रीवा| रीवा मध्यप्रदेश में बड़ा हादसा सामने आया है। जिसमें तीन बहनों की सेप्टिक टैंक में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है।
मध्यप्रदेश के रीवा जिले से फिर एक और बड़ा हादसा सामने आया है। जहां तीन सगी बहनों की सेप्टिक टैंक में गिरने दर्दनाक मौत हो गई है। दरअसल,नागपंचमी के अवसर पर तीनों बहनें कपड़े की गुड़िया बनाकर पानी में बहाने गई थी। तभी तीनों बच्चियां हादसे का शिकार हो गई। यह तीनों सगी बहनें बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना गोविन्दगढ़ के तमरा की है। जहां नागपंचमी के अवसर पर तीनों सगी बहनें कपड़े की गुड़िया बनाकर पानी में बहाने के लिए गई हुई थी। तभी ज्यादा पानी भरे होने के कारण सेप्टिक टैंक होने का पता नहीं चल पाया। जिसके कारण उनका पैर फिसल गया। तभी एक के बाद एक तीनों बहनें टैंक में जा गिरी। जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
6 फीट गहरे सेप्टिक टैंक में गिरी तीनों बहनें
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि राजकुमार रजक की तीन बेटियां सुहानी, तन्वी और जान्हवी शुक्रवार शाम को एक गड्ढे में पुतली विसर्जन करने जा रही थीं। उनके घर से कुछ दूर पर ही रास्ते में एक निर्माणाधीन मकान के पास सेप्टिक टैंक के लिए गड्ढा खुदा था। तीनों बच्चियों का अचानक पैर फिसला और एक-एक कर 6 फीट पानी से भरे उसी गड्ढे में समा गईं।
घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बच्चियों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी होने पर रोते बिखलते परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन ने बताया कि बच्चियों ने नागपंचमी पर पुतलियां बनाई थीं और बिना बताए विसर्जन करने जा रही थीं।



