Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
कोटा/बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने सशस्त्र हथियार के साथ लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, लूटे गए सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त आर्टिका कार, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में लूटा गया 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान’ के तहत की गई। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे कर्मचारी से बैग झपटने की घटना…
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी के साथ बड़े बराबर मोड़ स्थित सलका डैम के पास अज्ञात व्यक्तियों ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने कर्मचारी का बैग झपट लिया और उसे धक्का देकर गिरा दिया। इस संबंध में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 559/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
बुरखा पहनकर घर में घुसकर की लूट…
एक अन्य मामले में 18 जुलाई 2026 को अज्ञात आरोपी बुरखा पहनकर प्रार्थिया राजकुमारी जायसवाल के घर में घुस गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर में मारपीट की और हथियारनुमा वस्तु दिखाकर सोने के आभूषण लूट लिए। इस मामले में भी थाना कोटा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।
राकेश जयसवाल को बताया गया मास्टरमाइंड…
विवेचना, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार, गिरोह का कथित मास्टरमाइंड राकेश जयसवाल है, जिसने अपने साथियों दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर दोनों घटनाओं की योजना बनाई।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल की व्यवस्था सनी सिंह के माध्यम से की गई थी। लूटे गए सोने के आभूषणों को कथित तौर पर हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी तक पहुंचाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में सभी संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार…
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. राकेश जयसवाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी मंझगांव, थाना कोटा।
2. दिव्यांशु जायसवाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी बिल्लीबंद, थाना कोटा।
3. आदर्श तिवारी, उम्र 26 वर्ष, निवासी मौहारखार, कोटा।
4. हर्ष नामदेव, उम्र 25 वर्ष, निवासी थाना के बाजू रोड, कोटा।
5. हर्ष सोनी, उम्र 24 वर्ष, निवासी फिरंगीपाड़ा, कोटा।
6. सनी सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, मस्जिद पारा, कोटा।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहना, नगद इनाम घोषित
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक संजय श्याम सहित थाना कोटा पुलिस स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की इस महत्वपूर्ण सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लूट एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है।




