Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, दुर्ग। पत्रकार एकता महासंघ फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन, पदाधिकारी शपथ ग्रहण समारोह एवं सम्मान समारोह का आयोजन आज दुर्ग के अग्रसेन भवन, स्टेशन रोड में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों का सम्मान किया गया। इसी कड़ी में रायपुर निवासी पत्रकार अनीष मिश्रा को राजधानी रायपुर एवं रायपुर जिले में पत्रकारिता के माध्यम से जनहित एवं समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पत्रकार एकता महासंघ फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की ओर से दिए गए प्रशस्ति पत्र में अनीष मिश्रा के पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, निष्ठा, समर्पण एवं जनहित में किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की गई। संगठन ने उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद दुबे, प्रदेश महासचिव नवीन राजपूत एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष खत्री सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं पत्रकार साथी मौजूद रहे।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। साथ ही ‘ब्लरित खबरें’ समाचार पत्र के 9वें स्थापना दिवस एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद दुबे के जन्मदिन को भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अनीष मिश्रा ने पत्रकार एकता महासंघ फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं उपस्थित पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा है और वे भविष्य में भी जनहित, सामाजिक सरोकार एवं आम जनता की समस्याओं को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से प्रमुखता से उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम का समापन पत्रकारों की एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।




