Oplus_131072
चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने वाला बदमाश गिरफ्तार, नशा-अड्डाबाजी कर रहे 7 लोगों पर भी धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना रतनपुर पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक बदमाश को धारदार चाकू सहित गिरफ्तार किया। वहीं दर्रीपारा क्षेत्र में नशा-अड्डाबाजी कर रहे सात लोगों के खिलाफ भी धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
चाकू दिखाकर राहगीरों को धमका रहा था बदमाश…
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को थाना रतनपुर में सूचना प्राप्त हुई कि ओछिनापारा रतनपुर में एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राह चलने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया और तत्काल पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम ने ओछिनापारा पहुंचकर घेराबंदी करते हुए सुरज माण्डवा पिता दुर्गा प्रसाद माण्डवा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ओछिनापारा रतनपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी को चाकू सहित थाना लाया गया और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
दर्रीपारा चौक में अड्डाबाजी कर रहे 7 लोगों पर कार्रवाई…
इसी दिन थाना रतनपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। पेट्रोलिंग के दौरान दर्रीपारा रतनपुर चौक में कुछ लोगों के नशा-अड्डाबाजी करते हुए पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की। पुलिस ने सात लोगों को थाना लाकर उनके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तथा उन्हें माननीय तहसील न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई की जद में आए लोगों में विवेक सिंह (29), गिरीश साहू (27), सूर्यकांत कोशले (28), दीपेश कोशले (26), अरविंद डगर्जी (27), शिवम माण्डवा (27) तथा छोटू उर्फ भोलू माण्डवा (28) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर नशा, अड्डाबाजी और अशांति फैलाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग से असामाजिक तत्वों में हड़कंप…
थाना रतनपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को भयभीत करने, अशांति फैलाने तथा नशा-अड्डाबाजी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान…
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू यादव, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे, आरक्षक कीर्ति पैकरा, राजेन्द्र साहू एवं प्रमोद केंवट का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता सामने आई है।




