सुरेश सोनी
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में भर्ती होकर क्षेत्र की सुरक्षा और सेवा करने का सपना देख रहे स्थानीय युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले में बस्तर फाइटर्स के 383 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके लिए पात्र स्थानीय युवाओं से 2 नवंबर 2026 से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग की 31 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स) में फाइटर आरक्षक सेवा भर्ती नियम 2026 के अंतर्गत यह भर्ती की जाएगी।
383 पदों का वर्गवार विवरण
-
अनारक्षित वर्ग – 42 पद
-
अन्य पिछड़ा वर्ग – 53 पद
-
अनुसूचित जाति – 20 पद
-
अनुसूचित जनजाति – 268 पद
यहां जमा कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारायणपुर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय छोटेडोंगर एवं बेनूर में जमा कर सकेंगे। इसके अलावा पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से भी आवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला नारायणपुर, छत्तीसगढ़, पिन कोड 494661 पर भेजे जा सकते हैं।
वेबसाइट से भी मिलेगा आवेदन प्रारूप
भर्ती से संबंधित आवेदन प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय, एसडीओपी कार्यालय तथा जिले के सभी थाना-चौकियों के सूचना पटल पर उपलब्ध रहेगी।
अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in और नारायणपुर पुलिस की वेबसाइट narayanpur.cgpolice.gov.in से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
नारायणपुर पुलिस ने स्थानीय पात्र युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती संबंधी दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें और अंतिम तिथि से पहले आवेदन जमा करें।




