राहुल के. बी. की रिपोर्ट-
बीजापुर। बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के लिए पहचान रखने वाले इंद्रावती टाइगर रिजर्व से एक अच्छी खबर सामने आई है। करीब तीन दशक बाद इंद्रावती के जंगल एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार होने जा रहे हैं। बीजापुर जिले में स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से जंगल सफारी की शुरुआत होने जा रही है।
इस पहल के तहत पर्यटक अब इंद्रावती के घने जंगलों, प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों को करीब से देखने का अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए लगभग 9 किलोमीटर लंबा सफारी मार्ग तैयार किया गया है। शुरुआत में सफारी संचालन के लिए 4 जिप्सी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

जंगल सफारी शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ ही बस्तर की प्राकृतिक और जैव विविधता से देश-दुनिया के पर्यटक परिचित हो सकेंगे।
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी की शुरुआत बीजापुर जिले के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अब पर्यटकों को इंद्रावती की प्राकृतिक विरासत, घने जंगलों और वन्यजीवों के बीच रोमांचक सफर का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
इंद्रावती के जंगलों में फिर लौटेगी पर्यटकों की रौनक, बस्तर के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान।




