सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। विशेष अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले नारायणपुर पुलिस के 15 अधिकारी-कर्मचारियों को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक सूची में जिले के इन 15 पुलिसकर्मियों के नाम शामिल किए गए हैं। इस उपलब्धि से नारायणपुर पुलिस का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह सम्मान 22 सितंबर 2025 को संचालित विशेष अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है। गृह मंत्रालय की सूची में छत्तीसगढ़ से विशेष अभियान (Special Operation Field) श्रेणी के तहत चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नारायणपुर जिले के जवान भी शामिल हैं। सम्मानित होने वालों में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक, तीन तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक से लेकर उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक और बस्तर फाइटर के जवान शामिल हैं।
इन 15 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित होने वालों में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद सबद्रा, अजय कुमार एवं सुशील कुमार नायक, उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम और उप निरीक्षक महेंद्र पोटाई शामिल हैं।
इसी क्रम में प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम कुपाल एवं रामकुमार दर्रो, आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, जैनू राम दुग्गा, लक्ष्मण राम कोर्राम एवं सोमरू राम वड्डे तथा बस्तर फाइटर आरक्षक राजेश सलाम, बस्तर फाइटर महिला आरक्षक लिखेश्वरी नाग और बस्तर फाइटर आरक्षक चमन लाल को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
पुलिस बल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पुलिस एवं सुरक्षा बलों के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने विशेष अभियानों तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य किया हो। नारायणपुर जिले के एक साथ 15 अधिकारी-कर्मचारियों का इस सम्मान के लिए चयनित होना पुलिस विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
यह उपलब्धि सम्मानित पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही इससे जिले में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार जुटे पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ेगा। नारायणपुर पुलिस ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




