Oplus_131072
पंचायत के मत से कराया जाएगा नारा लेखन, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण निरंतर करेगी तैयारीयों की नियमित समीक्षा।
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 27 सितंबर 2026 को महापरीक्षा अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर एवं अध्यक्ष (कार्यकारिणी), जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विकासखण्ड स्तर पर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महापरीक्षा के प्रति ग्रामीणों एवं शिक्षार्थियों में जागरूकता और उत्साह का वातावरण निर्मित करने के लिए पंचायत की मूलभूत मद की राशि से नारा लेखन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कोटवार के माध्यम से गांवों में महापरीक्षा की मुनादी कराई जाएगी।
प्रत्येक शिक्षार्थी को उल्लास केन्द्र तक पहुंचाने के लिए शिक्षार्थीवार विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ग्रामवासियों को अभियान से जोड़ने के लिए शिक्षक, ग्राम पंचायत सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रभातफेरी एवं मशाल रैली का आयोजन किया जाएगा।
महापरीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षार्थियों को शिक्षार्थी पर्ची एवं पीला चावल वितरित कर आकलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की वीडियो क्लिप एवं अपील जारी कराने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कलेक्टर ने उल्लास केन्द्रों में नियमित बैठक, कक्षा संचालन एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 22 मार्च 2026 को आयोजित महापरीक्षा अभियान में असफल रहे असाक्षरों को भी 27 सितंबर को होने वाले शिक्षार्थी आकलन में अनिवार्य रूप से शामिल कराने को कहा गया है।
जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा विकासखण्ड स्तर पर अभियान की तैयारियों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक शिक्षार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए महापरीक्षा अभियान को सफल बनाया जा सके।




