Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
छुरा/ पाण्डुका। जनपद पंचायत छुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत गाड़ाघाट में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी मिलन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। गाड़ाघाट के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2, 3 और 4 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के प्रथम 1000 दिनों के महत्व, गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं के समुचित पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के प्रति परिवारों को जागरूक करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरा के सभापति युवराज साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच कमलेश्वरी ध्रुव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिव संतोष यादव, उप सरपंच भूषण साहू, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर योगेश्वरी जांगड़े, पंच छबीली साहू सहित परियोजना अधिकारी छुरा चंदू लाल साहू गरिमामय रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति युवराज साहू ने कहा कि बच्चे के जन्म से लेकर पहले 1000 दिन उसके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवधि होती है। यही समय उसके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की नींव रखता है। अगर इस दौरान उचित पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और देखभाल मिले तो बच्चा स्वस्थ और मजबूत बनता है। उन्होंने सभी माताओं और परिवारों से आह्वान किया कि वे आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर विभागीय योजनाओं का लाभ लें।
उत्सव के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा पौष्टिक आहार प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्थानीय अनाज, हरी सब्जियां, फल, दाल और अंकुरित अनाज से बने व्यंजनों के माध्यम से संतुलित आहार की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान और शिशु के जन्म के बाद किस तरह का आहार लेना जरूरी है।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नृत्य, फैंसी ड्रेस और चित्रकारी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया।
अंत में सभापति युवराज साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के कार्यों की सराहना की और कहा कि जमीनी स्तर पर वे ही स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।




