Oplus_131072
मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से व्यक्त किए विचार…
अमरजीत सिंह/बुलन्द टाइम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर। कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 29 सितंबर को शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुण्ठपुर में विकासखण्ड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘मेरे सपनों का भारत’ रखा गया था।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर की अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे, गणमान्य नागरिक श्री पंकज गुप्ता, श्री कपिल जायसवाल, श्री गोकरण शुक्ला, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री देवेश जायसवाल, प्राचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती नविता शिवहरे ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री कपिल जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि चित्रकला एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही नेतृत्व एवं अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने का अवसर देती हैं।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ, शिक्षित, सशक्त, आत्मनिर्भर, विकसित एवं डिजिटल भारत की परिकल्पना को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों का अवलोकन किया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजन से जुड़े शिक्षकों ने अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




