Oplus_131072
देर रात दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट, तलवार और डंडे से हमला करने का आरोप; गंभीर घायल युवक बिलासपुर से रायपुर रेफर।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। गणेश विसर्जन के बाद देर रात रतनपुर के महामाया चौक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और एक युवक पर तलवार एवं डंडे से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, महामाया चौक में गणेश उत्सव समिति द्वारा गणेश प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान करीब रात 12 बजे करण सारथी और दूसरे पक्ष के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि महामाया चौक निवासी करण सारथी, पिता बड़कू सारथी के साथ मारपीट की गई और उस पर धारदार हथियार तथा डंडे से हमला किया गया। हमले में उसके सिर, पैर और कान समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर किया। वहां से भी आगे उपचार के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
विसर्जन के उत्सवी माहौल में मची अफरा-तफरी
गणेश विसर्जन के दौरान हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। उत्सव और विसर्जन के माहौल के बीच अचानक हुए विवाद और मारपीट से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हमले में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस द्वारा संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
घायल युवक की वर्तमान चिकित्सकीय स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अस्पताल प्रबंधन की ओर से होना अभी बाकी है।




