Oplus_131072
पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी के साथ माताओं को कुपोषण से बचाव एवं विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी।
बुलंद टाइम्स न्यूज/याद राम साहू
बालोद। महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना गुण्डरदेही के अंतर्गत आज आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं एवं आमजन को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें हरी पत्तेदार सब्जियों, अंकुरित अनाज, गुड़ से बने व्यंजन एवं रेडी-टू-ईट सामग्री से तैयार विभिन्न पौष्टिक आहार प्रदर्शित किए गए। उपस्थित माताओं को घर में उपलब्ध सामग्री से पौष्टिक भोजन तैयार करने तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” अभियान के तहत भी लोगों को प्रेरित किया गया। मुनगा की पत्तियों एवं फलियों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक आहार में शामिल करने तथा घरों में मुनगा का पौधा लगाने के लिए उपस्थित माताओं एवं लोगों को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन ने कहा कि बच्चों और माताओं का बेहतर स्वास्थ्य पूरे समाज की जिम्मेदारी है। कुपोषण को दूर करने के लिए परिवार और समाज की जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि घर में उपलब्ध स्थानीय एवं पौष्टिक सामग्री का उपयोग कर बच्चों को संतुलित आहार दिया जा सकता है। साथ ही हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक परिवार को अपने घर में मुनगा का पौधा लगाने और उसके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद श्रीमती शैल महोबिया, पार्षद श्रीमती लोकेश्वरी शंकर यादव,पार्षद पूजा बिंझेकर एवं एल्डरमैन श्री चेतन सोनकर ,श्रीमती संतोषी साहू अध्यक्ष महिला मोर्चा मंडल गुंडरदेही उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी गुण्डरदेही श्रीमती खलेश्वरी नेताम, सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती नम्रता चंद्राकर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं, सहायिकाएं, बड़ी संख्या में मितानिन एवं माताएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन सुपरवाइजर द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों को पौष्टिक आहार की उपयोगिता एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।




