सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर, 2 अक्टूबर 2026। जिले में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।
बैठक में बैंक परिसरों, एटीएम, नकदी परिवहन और सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
एसपी ने बैंक परिसरों में प्रवेश और निकास व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने, एटीएम में सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और बैंक व एटीएम परिसर के पर्याप्त हिस्से की निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नकदी परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से किसी संदिग्ध व्यक्ति, लेन-देन या गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
स्वर्ण ऋण में फर्जीवाड़े को लेकर विशेष सतर्कता
बैठक में स्वर्ण ऋण से जुड़े मामलों में धोखाधड़ी की आशंका को लेकर भी बैंक प्रबंधकों को सतर्क किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सोने की शुद्धता, हॉलमार्किंग और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच करने के निर्देश दिए। फर्जी हॉलमार्किंग अथवा भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के फर्जी प्रमाणन की आशंका होने पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि बैंक और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से वित्तीय अपराधों और बैंकिंग धोखाधड़ी की रोकथाम को प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में त्वरित सूचना तंत्र विकसित करने और किसी भी संदिग्ध घटना की तत्काल जानकारी पुलिस तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।




