सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा की पदोन्नति उपरांत सहायक पुलिस महानिरीक्षक, योजना एवं प्रबंधन, पुलिस मुख्यालय में नवीन पदस्थापना होने पर नारायणपुर पुलिस परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं सायंकाल पुलिस ऑफिसर्स मेस में सम्मान एवं शुभकामनाओं के साथ विदाई समारोह आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रभारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अक्षय सबद्रा के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा उनके कार्यों, सहयोग एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन से जुड़ी स्मृतियों को याद किया। सभी ने उनकी पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
सायंकाल पुलिस ऑफिसर्स मेस में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर, आईटीबीपी एवं बीएसएफ के अधिकारीगण, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी तथा दोनों रक्षित निरीक्षक उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न विभागों एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने श्री सबद्रा के साथ अपने कार्यानुभव साझा किए और उनके साथ बिताए गए समय को याद किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने श्री अक्षय सबद्रा की पदोन्नति पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नवीन पदस्थापना उनके सेवाकाल का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वे पुलिस मुख्यालय में अपने नवीन दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
समारोह के दौरान नारायणपुर में उनके कार्यकाल से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर नारायणपुर पुलिस परिवार की ओर से श्री अक्षय सबद्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य तथा नवीन दायित्वों में सफलता की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ। नारायणपुर पुलिस परिवार ने श्री अक्षय सबद्रा के आगामी कार्यकाल की सफलता की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।




