गणेश ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट ;-
जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवडांड़ में खेतों की गिरदावरी का काम कर रहे एक युवक से तलवार दिखाकर रुपए मांगने और पैसे नहीं देने पर उसकी मोटरसाइकिल लूटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संतोष कुमार (33 वर्ष), निवासी पकरीकछार, पिछले दो वर्षों से बासेन और महादेवडांड़ क्षेत्र में खेत-जमीन की गिरदावरी का कार्य कर रहा है। 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह ग्राम महादेवडांड़ के कुरोंग पंचायत अंतर्गत किसानपारा में सीसी रोड के पास खेत में गिरदावरी कर रहा था। इसी दौरान डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया वहां पहुंचे। आरोप है कि डोन तिर्की के हाथ में तलवार थी और दोनों ने युवक से गांव में आने का कारण पूछते हुए गाली-गलौज कर उसे डराया-धमकाया।
इसके बाद तलवार दिखाकर उससे रुपए मांगे गए। युवक द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर चार अन्य विधि से संघर्षरत बालकों सहित अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने कथित तौर पर रुपए नहीं देने पर युवक की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 E 2606 लूट ली और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। तलवार लेकर हमला करने के लिए दौड़ाने पर युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।
घटना की रिपोर्ट 16 अक्टूबर को थाना बगीचा में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके कथनों के आधार पर आयुष कुजूर और चार विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, पहचान की कार्रवाई में प्रार्थी ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों के कब्जे से तलवार और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने डोन तिर्की (19 वर्ष), अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया (19 वर्ष) और आयुष कुजूर (18 वर्ष 11 माह) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, चार विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस कार्रवाई में पीएसआई संतोष वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक अशोक मिंज, महिला आरक्षक पूना मणि और नगर सैनिक बलि राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




