दंतेवाड़ा शहर से रूपेंद्र वासुदेव की रिपोर्ट
दंतेवाड़ा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गायत्री मंदिर के पास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने वाले लोगों के चालान काटे गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने की समझाइश भी दी।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। साथ ही गाड़ी चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करें और अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन प्रमाणपत्र और बीमा संबंधी कागजात साथ रखें।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पंकज कुमार, भारती सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।




