गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम जामबहार की चिटकाटोली में 60 वर्षीय मनबोध मांझी पर अपने 30 वर्षीय रिश्तेदार संतोष प्रधान की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
जमीन बंटवारे को लेकर होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक संतोष प्रधान की पत्नी सुमित्रा प्रधान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अक्टूबर की शाम संतोष बाजार से घर लौटा था। इसके बाद उसने अपने दादा से बातचीत के दौरान मनबोध के घर जाने की बात कही और रात करीब 8 बजे घर से निकल गया।
बताया गया कि जमीन के बंटवारे को लेकर संतोष और मनबोध के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की रात मनबोध के घर की ओर से लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनकर सुमित्रा वहां पहुंची। उसने घर के आंगन में अपने पति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। संतोष के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के गंभीर निशान थे। मौके पर आरोपी भी कुल्हाड़ी के पास बैठा मिला।
पूछताछ में विवाद के बाद हमला करने की बात
पुलिस की विवेचना के दौरान आरोपी मनबोध मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल में घर जमाई के रूप में रह रहा था। जमीन के बंटवारे को लेकर मृतक और आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना की रात संतोष आरोपी के घर पहुंचा और जमीन को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से संतोष के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, रिझन भगत, आरक्षक महेंद्र पैंकरा, पुनीत साय, अरविंद साय और नगर सैनिक रवि गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




