गणेश ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट :-
जशपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कमतरा में 25 अक्टूबर को आयोजित जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनिमेष कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, जनपद अध्यक्ष कुनकुरी श्रीमती सुशीला साय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, डीएसपी यातायात के.आर. चौहान तथा अनिमेष कुजूर के माता-पिता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
युवाओं को दिया मेहनत और समर्पण का संदेश
अनिमेष कुजूर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए समय का सदुपयोग, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने खेल जगत में स्पॉन्सरशिप के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि Puma और Reliance Foundation से मिलने वाला सहयोग उनकी खेल गतिविधियों में मदद करता है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास करने की अपील की।
नशामुक्त ग्राम कमतरा की पहल की सराहना
अनिमेष कुजूर ने ग्राम कमतरा के नशामुक्त होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सरपंच अभिषेक कुजूर और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य ग्राम पंचायतों से भी नशामुक्ति अभियान को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ना चाहिए।
सड़क सुरक्षा को लेकर की भावुक अपील
कार्यक्रम में अनिमेष कुजूर ने अपने एक साथी खिलाड़ी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत का जिक्र करते हुए युवाओं से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और नशे की हालत में कभी वाहन न चलाएं।

डीआईजी एवं एसएसपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
डॉ. लाल उमेद सिंह ने आयोजनकर्ताओं को बधाई देते हुए विजेता और उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे अनिमेष कुजूर जशपुर जिले के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी तैयार की जा रही है तथा फुटबॉल, हॉकी और बैडमिंटन के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
विजेता और उपविजेता टीम सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनिमेष कुजूर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और खिलाड़ियों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेल, अनुशासन, नशामुक्ति और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।




