रोहित गुमास की रिपोर्ट-
बीजापुर : बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम आवापल्ली के मिनी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय पंचायत स्तरीय बस्तर ओलंपिक का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेल विधाओं में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों को अब अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और बड़ा अवसर प्राप्त होगा, जहां वे विकासखंड स्तर पर अपनी खेल क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन के दौरान तेज बारिश एवं मिनी स्टेडियम में जलभराव जैसी चुनौतियां भी सामने आईं, लेकिन आयोजन समिति ने पूरे संघर्ष, समर्पण और आपसी सहयोग के साथ प्रतियोगिताओं को निर्धारित समय में संपन्न कराने के लिए निरंतर प्रयास किया। समिति के सदस्यों एवं सभी सहयोगियों के अथक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य श्री तिरुपति दुर्गम जी ने आयोजन समिति, शिक्षकगण, पंचायत सचिव, सरपंचगण, समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा भोजन व्यवस्था समिति सहित आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना एवं सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




