जांजगीर-चांपा। किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए शासन-प्रशासन का ध्यानाकर्षित कराने,धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं, विभागीय लापरवाही एवं तकनीकी त्रुटियों के कारण जिले के किसान भाई-बहनों को हो रही परेशानियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज 16 नवम्बर,सोमवार को प्रातः 11:00 बजे से मदनलाल अग्रवाल का पुराना पेट्रोल पंप, चांपा रोड, से एक दिवसीय चेतावनी रैली का आयोजन किया जा रहा है।
इस आशय की जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया ने बताया कि,धान खरीदी के दौरान किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव, रकबा संशोधन में आ रही दिक्कतें, बचत धान का भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टेक पंजीयन, पी व्ही एप्लिकेशन तथा भुइयां पोर्टल में दर्ज विभागीय त्रुटियों जैसी गंभीर समस्याओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन समस्याओं के चलते किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी इन सभी मुद्दों को लेकर आज शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करेगी तथा किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध उनकी आवाज बुलंद करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस चेतावनी रैली में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल,अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह,जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप,पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश एवं जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित जिले के कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, ब्लॉक,मंडल,अन्य सभी अनुषागिक संघटनो एवं महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस, एन एस यू आई इंटक, और अन्य कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षगण, पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने जिले के समस्त किसान भाई-बहनों,कांग्रेस पदाधिकारी, समस्त कांग्रेसजनों एवं किसान हितैषियों से अपील की है,कि वे अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान की इस लोकतांत्रिक लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।







