योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद / रायपुर
खेतों में इस समय जो नजारा है, वो हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रहा है। एक तरफ हरहुना धान पककर तैयार खड़ा है, दूसरी तरफ आसमान पर अकवान तूफान का साया मंडरा रहा है। किसान की आंखें खेत पर हैं और कान मौसम की खबर पर।
बंगाल की खाड़ी में फिर हलचल तेज हो गई है। अर्नब गया, मुरासु गया, अब अकवान की बारी है। तीन हफ्ते में तीसरा तूफान। रविवार को खाड़ी में डिप्रेशन बना। विभाग का कहना है – सोमवार को यह तूफान बनेगा और 17 नवंबर तक गंभीर रूप ले लेगा।
अब सवाल ये है कि इसका असर छत्तीसगढ़ पर क्या होगा ?
मौसम विभाग की मानें तो 19 नवंबर से प्रदेश में बारिश शुरू हो जाएगी। 20 और 21 को एक-दो जगह भारी बारिश भी हो सकती है। 18 तक मौसम सूखा रहेगा, लेकिन उसके बाद बादल, ठंडी हवा और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
खेत में हड़कंप
गांव-गांव में इस समय हरहुना की कटाई चल रही है। किसान सुबह अंधेरे से खेत में हैं और देर रात तक लगे हुए हैं। हार्वेस्टर नहीं मिल रहा, मजदूर नहीं मिल रहे, ट्रैक्टर के लिए लाइन लगी है। सबको एक ही डर है – कहीं 19 से पहले कटाई पूरी न हुई तो क्या होगा ?
इस साल बेमौसम बारिश ने पहले ही किसानों को रुला दिया है। पकती फसल पर पानी गिरा, खेत में कटा धान भीगा, खलिहान में रखा अनाज सड़ गया। किसी का धान जम गया, किसी का दाना काला पड़ गया। खाद-बीज, मजदूरी, कर्ज – सब कुछ दांव पर लगा है।
गांव के किसान साफ कहते हैं – “पहले ही बहुत मार झेल चुके हैं, अब फिर बारिश हुई तो बर्बाद हो जाएंगे।”
मौसम का लेखा-जोखा
रविवार को प्रदेश सूखा रहा। दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी 31.8 डिग्री, अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड 12.5 डिग्री। रायपुर में दिन 30.9, रात 18.2 डिग्री। माना में रात 15.9 डिग्री रही। अगले चार दिन तापमान में ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन तूफान के बाद ठंड बढ़ सकती है।
ओडिशा में तो सभी जिलों में अलर्ट जारी हो गया है। प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
अब करना क्या है ?
किसान भाइयों, देर मत कीजिए। पकी धान को जल्द काटिए। कटी धान को खेत में खुला मत छोड़िए। तिरपाल, पॉलिथीन – जो मिले, उससे ढकिए। खलिहान में पानी न जमने दें। मंडी जाने से पहले मौसम जरूर देख लें।
आम लोगों से भी अपील है – 19 के बाद सफर सोच-समझकर करें। बच्चे और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। बारिश में पेड़ और खंभे के नीचे खड़े न हों।
ये खबर सिर्फ पढ़ने के लिए नहीं है। इसे हर किसान तक पहुंचाइए। हो सकता है आपकी एक शेयर से किसी किसान की पूरी फसल बच जाए।
सावधान रहिए, सतर्क रहिए।







