सुरेश सोनी
नारायणपुर, 16 नवंबर 2026। रावघाट खदान से लौह अयस्क परिवहन का भाड़ा 707 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 910 रुपये प्रति टन किए जाने की मांग को लेकर हाईवा एवं टिप्पर वाहन मालिकों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। बुढ़ादेव अंजरेल माइंस श्रमिक विकास समिति एवं राजाराव ग्राम माइंस श्रमिक विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में खोड़गांव चौक (टी-प्वाइंट) पर यह आंदोलन शुरू किया गया है।
समिति के अध्यक्ष संतुराम उसेंडी ने बताया कि हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संचालित की जा रही है। वाहन मालिकों की प्रमुख मांग है कि रावघाट खदान से लौह अयस्क परिवहन का वर्तमान भाड़ा 707 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 910 रुपये प्रति टन किया जाए।
नए टेंडर में 910 रुपये प्रति टन दर शामिल करने की मांग
समिति के अनुसार, वर्तमान परिवहन एजेंसी एनसी नाहर (NC Nahar) का टेंडर 17 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में वाहन मालिकों की मांग है कि पुराने टेंडर की अवधि बढ़ाने के बजाय भिलाई स्टील प्लांट (BSP) द्वारा जारी किए जाने वाले नए टेंडर में 910 रुपये प्रति टन की दर अनिवार्य रूप से शामिल की जाए, ताकि वाहन मालिकों को परिवहन का उचित भाड़ा मिल सके।
कम भाड़े से आर्थिक संकट, EMI चुकाना हुआ मुश्किल
समिति अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान परिवहन दर कम होने के कारण वाहन मालिकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन मालिक समय पर फाइनेंस कंपनियों की मासिक किस्त (EMI) जमा नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, रिकवरी एजेंटों द्वारा वाहन मालिकों के घर और हड़ताल स्थल तक पहुंचकर वाहन खींचने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। इससे वाहन मालिकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगी अनिश्चितकालीन हड़ताल
समिति ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रशासन एवं बीएसपी प्रबंधन द्वारा नए टेंडर में 910 रुपये प्रति टन परिवहन भाड़े की दर को आधिकारिक रूप से स्वीकृति नहीं दी जाती, तब तक खोड़गांव चौक (टी-प्वाइंट) पर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
फिलहाल वाहन मालिक अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। अब देखना होगा कि वाहन मालिकों की मांगों पर बीएसपी प्रबंधन और प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है।







