रामेश्वर सिंह क्षत्रिय जांजगीर-चांपा.
जांजगीर-चांपा। धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं, विभागीय लापरवाही और तकनीकी खामियों के चलते जिले के किसानों को हो रही गंभीर परेशानियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित चेतावनी रैली में अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित जिलेभर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, किसान और सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेसजनों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया। तत्पश्चात कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जल, जंगल और जमीन के बाद अब किसानों के खेतों का रकबा भी छीनने में लगी है। वोट चोरी, राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों के बाद अब प्रदेश के किसानों के हक पर डाका डालने का काम किया जा रहा है। सरकार की नीतियों और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के कारण अन्नदाता अपने ही खेत में उपजे धान को बेचने के लिए परेशान और बेबस है।
कांग्रेस ने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव बनाया जा रहा है। रकबा संशोधन में अनावश्यक अड़चनें, बचत धान के भौतिक सत्यापन की जटिलताएं, एग्रीस्टेक पंजीयन में समस्याएं, PV एप्लिकेशन की तकनीकी खामियां तथा भुइयां पोर्टल में दर्ज विभागीय त्रुटियों के कारण किसान खरीदी केंद्रों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक चक्कर काटने को मजबूर हैं। इन अव्यवस्थाओं ने किसानों की मेहनत, उपज और आर्थिक हितों पर संकट खड़ा कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव तत्काल बंद किया जाए, रकबा संशोधन की प्रक्रिया सरल बनाई जाए, बचत धान का भौतिक सत्यापन पारदर्शी तरीके से हो तथा एग्रीस्टेक, PV एप्लिकेशन और भुइयां पोर्टल की सभी तकनीकी एवं विभागीय त्रुटियों का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि कोई भी वास्तविक किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।
कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यह किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी मेहनत की कमाई की लड़ाई है। कांग्रेस किसानों के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया तो जिला कांग्रेस कमेटी व्यापक महाधरना-प्रदर्शन आयोजित कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस चेतावनी रैली एवं कलेक्ट्रेट घेराव में मंजू सिंह, गुलजार सिंह, मोतीलाल देवांगन, दिनेश शर्मा, रविशेखर भारद्वाज, पूर्णनेंद्र सिंह, रफीक सिद्धिकी, विवेक सिंह सिसोदिया, रमेश पैगवार, भगवान दास गड़ेवाल, शिशिर द्विवेदी, भविष्य चंद्राकर, गिरधारी यादव, कन्हैया राठौर, नारायण खांडेलिया, रामलाल यादव, कमल कका, मनोज तिवारी, प्रिंस शर्मा, राघवेंद्र प्रताप सिंह, हरप्रसाद साहू, उत्तम पाटले, किशन सोनी, हरीश पाण्डेय, नागेंद्र गुप्ता, अजय दिव्य, पंकज शुक्ला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण रामविलास राठौर, बबला महाराज, महेश्वर टंडन, नवल सिंह, रविन्द्र शर्मा, सदन यादव, गौरव सिंह, विजय वर्मा, सुनील साधवानी, गुलजीत गांधी, आकाश तिवारी, मदन सिंह बैस, संदीप यादव, हर्ष सिंह, प्रीतपाल सिंह, सुशांत सिंह, गगन गुरुद्वान, सौरभ सिंह, परमेश्वर निर्मले, माधुरी आदित्य, शकुंतला खरे, कनिष्ठा कंसारी, संदीप अग्रवाल, शाश्वतधर दीवान, पुरुषोत्तम देवांगन, तमेन्द्र देवांगन, राजा सिद्धिकी, नेहा केशरवानी, अंकित सिसोदिया, मोतीलाल साहू, अमन तिवारी, यश शर्मा, संस्कार राठौर, अंशु यादव, दुष्यंत यादव, जीतेन्द्र दिनकर, आकाश सिंह, किशन आदित्य, बबला सिंह, रामराज पांडेय, मोतीलाल पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेसजन उपस्थित थे।







