एम् .सी.बी….से बियरो चीफ तरुण पिल्ले
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में दो व्यापारियों की दुकानों और फैक्ट्री में चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार बड़े मोटर पंप और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला 24 अक्टूबर 2026 का है। पेण्ड्रा दफाई निवासी हसन (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी स्टेशनरी दुकान की छत की शीट निकालकर अज्ञात चोरों ने 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। इस मामले में सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में अपराध क्रमांक 262/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वहीं, दूसरा मामला 12 नवंबर 2026 का है। स्टेट बैंक के पीछे रहने वाले मोती उर्फ रहमान (46 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ग्लास बनाने की अंडरग्राउंड फैक्ट्री से अज्ञात चोर चार बड़े मोटर पंप चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
दोनों मामलों की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की। स्टेशनरी दुकान में चोरी के मामले में अंकित और शेखर राज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी की गई 40 हजार रुपये की रकम आपस में 20-20 हजार रुपये बांट ली थी और उसे खाने-पीने में खर्च कर दिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 5 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए।
इसी तरह फैक्ट्री से चार मोटर पंप चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंकित उर्फ अनुपम खरे, देव उर्फ देव यादव और शेखर राज से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए चार बड़े मोटर पंप बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों चोरी के मामलों में शामिल चारों आरोपियों को 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, एसआई विकास देवांगन, एसआई भरत यादव, हेड कांस्टेबल नवीन, राजकुमार सेन, सुनील रजक तथा कांस्टेबल अमित गुप्ता, प्रमोद यादव, टोप्पो और महिला कांस्टेबल शांति सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एमसीबी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







