अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से कोरिया जिला समेत आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आसमान में घने बादल छाने के साथ चल रही तेज हवाओं और बेमौसम बारिश ने धान के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कटाई के मुहाने पर खड़ी और खलिहानों में रखी धान की फसल पर अब संकट मंडरा रहा है।
कोरिया समेत कई जिलों में जिन किसानों द्वारा कटी धान, अभी भी खेतों या खुले खलिहानों में पड़ी है। तेज हवाओं और बारिश का डर किसानों के माथे की शिकन बढ़ा रहा हैं।
तेज हवाओं और बारिश को मद्देनजर रख किसान अपनी कटी हुई फसल को तिरपाल से ढकने और सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
कटी हुई उपज पर खतरा
जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली थी, उनकी फसल अभी भी खेतों या खुले खलिहानों में पड़ी है। भीगने के कारण धान के सड़ने और अंकुरित होने का डर सता रहा है।
समर्थन मूल्य पर खरीदी में आ सकती है दिक्कत
बेमौसम बारिश के कारण धान में नमी (मॉइस्चर) की मात्रा बढ़ने की आशंका है। नमी तय मानक से अधिक होने पर किसानों को समर्थन मूल्य (MSP) पर धान बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सही मायनो में कहा जाए तो यह चक्रवार्ती तूफान “अकवान” किसानो की साल भर की मेहनत पर भारी पड़ सकता है।







