दंतेवाड़ा, 20 नवंबर 2026। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने शुक्रवार को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता एवं साफ़-सफाई और विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में आवश्यक सुधार एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन कर उनकी गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर आगे बढ़ाने तथा स्वीकृत निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल भवन के पिछले हिस्से की दीवारों सहित पूरे भवन में रंग-रोगन कराने तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करने को कहा। साथ ही अस्पताल परिसर में बायो मेडिकल वेस्ट क्षेत्र को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अस्पताल में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ड्रिंकिंग वॉटर एरिया विकसित करने, बोरवेल के लिए प्राक्कलन तैयार करने तथा वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अस्पताल के स्टोर तक सामान के सुगम आवागमन के लिए रैम्प निर्माण कराने, पीडियाट्रिक वार्ड में एयर कंडीशनर लगाने तथा सभी शौचालयों की मरम्मत एवं निर्माण से जुड़े अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। छोटे-छोटे मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति प्राप्त करने को कहा।
उन्होंने एम्बुलेंस के सुगम आवागमन के लिए मार्ग की व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए तथा सीटी स्कैन कक्ष एवं शौचालय निर्माण कार्यों में तेजी लाने के को कहा।धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण एजेंसी को नियमित निगरानी करने को कहा। कैजुअल्टी के सामने रखी निर्माण सामग्री एवं अन्य सामान हटाकर परिसर की साफ़-सफाई कराने और वहां व्यवस्थित पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद को अस्पताल परिसर एवं आसपास की झाड़ियों की सफाई तथा नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूर्व तैयारी करने पर भी जोर दिया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. प्रियंका सक्सेना सहित अन्य चिकित्सक और लोक निर्माण विभाग तथा सीजीएमएससी के इंजीनियर्स उपस्थित थे।







