अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – बेमौसम बारिश की आशंका को देखते हुए कोरिया जिले के उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान के स्टैक केप कवर से ढके जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सभी एसडीएम, जिला खाद्य अधिकारी और जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्रों में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल और केप कवर का पर्याप्त इंतजाम करें।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता है और किसानों से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी नोडल अधिकारियों की है। नोडल अधिकारी खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं। केंद्रों में बारिश का पानी जमा न हो, इसके लिए निकासी की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। कलेक्टर ने खाद्य, सहकारिता और मार्कफेड के अधिकारियों तथा समिति प्रबंधकों को अचानक बारिश की स्थिति के लिए तैयार रहने और धान की सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय समय रहते करने को कहा है।







