अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने शुक्रवार को बैकुंठपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का दौरा किया। उन्होंने करहनी धान की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग, आजीविका मिशन और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों को इसकी बुवाई, खेती की लागत, उत्पादन, बिक्री मूल्य और बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करहनी जैसी कम होती जा रही धान की किस्मों की खेती बढ़ाने के लिए किसानों से चर्चा की जाएगी और इसके लिए जरूरी प्रयास किए जाएंगे। कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सोनहत ब्लॉक के 25 किसानों द्वारा इसकी खेती की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस फसल की पैदावार में पानी व समय कम लगती है।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने केंद्र के सहयोग से तैयार किए जा रहे करहनी चावल, मशरूम, साबुन और ‘सोनहनी’ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि ये उत्पाद कैसे तैयार किए जाते हैं, उनकी पैकेजिंग कैसे होती है, उनकी कीमत क्या है और वे कहां बेचे जाते हैं। उन्होंने आजीविका मिशन, मनरेगा, उद्यानिकी विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र की संयुक्त पहल का भी जायजा लिया।
श्रीमती यादव ने कहा, “करहनी चावल और मशरूम जैसे स्थानीय उत्पादों के लिए अच्छी पैकेजिंग, उचित कीमत और बाजार तक पहुंच जरूरी है। खेती के साथ कुक्कुट पालन, बकरी पालन और मत्स्य पालन से ग्रामीण परिवारों को आय के अतिरिक्त अवसर मिल सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र, आजीविका मिशन और उद्यानिकी विभाग मिलकर ऐसी गतिविधियों को आगे बढ़ाएं, जिनका लाभ स्थानीय किसानों और स्व-सहायता समूहों को मिले।”
कलेक्टर ने मत्स्य बीज, उन्नत नस्ल की बकरियों के पालन, कुक्कुट पालन और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों की भी जानकारी ली। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







