बुलंद टाइम्स न्यूज छत्तीसगढ़
जिला दन्तेवाड़ा | बचेली से विशेष रिपोर्ट
रिपोर्टिंग: रुपेंद वासुदेवा
बचेली। सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बचेली नगर में सिख समुदाय द्वारा श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस आयोजन में सिख समाज सहित नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा नगर गुरुवाणी और ‘वाहेगुरु’ के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब से हुआ। इसके बाद अंधेरी घड़ी चौक, हाईटेक कॉलोनी एवं सुभाष नगर होते हुए मुख्य मार्ग से गुजरकर पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था कर सेवा और समर्पण की सुंदर मिसाल पेश की गई।

नगर कीर्तन के समापन पर गुरुद्वारा साहिब में अरदास की गई तथा रात्रि में गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। बचेली का यह नगर कीर्तन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सेवा और आपसी सद्भाव की सुंदर मिसाल बनकर सामने आया।







