सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर, 23 नवंबर 2026 / खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से जिले के धान उपार्जन केंद्रों का अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संचालक रेशम नागेंद्र पटेल द्वारा धान उपार्जन केंद्र कुकड़ाझोर का भौतिक सत्यापन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन केंद्र में पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान, धान की तुलाई एवं रखरखाव सहित पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं व्यवस्थित एवं दुरुस्त रखी जाएं।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य की सतत निगरानी की जा रही है। नोडल अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि कमियों का समय पर निराकरण किया जा सके और किसानों को सुगमता एवं सुविधाजनक वातावरण में अपनी उपज विक्रय करने का अवसर मिल सके।







