योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद/छुरा/घटारानी
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र के गांव फुलझर, घटारानी और जमाही में देव दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
सुबह से ही गांव के मंदिरों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। श्रद्धालुओं ने पुन्नी स्नान कर भगवान कार्तिकेय और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अमन-चैन की कामना की।
आंवला भात और प्रसाद का वितरण
गांव में बच्चों द्वारा परंपरागत रूप से आंवला भात परोसा गया। ग्रामीणों ने बड़े प्रेम से प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को कार्तिक पूर्णिमा की बधाई दी। पूरे गांव में भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
जमाही में होगा रामचरित मानस का आयोजन
ग्राम जमाही में आज रात्रिकालीन श्री रामचरित मानस के पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे। मानस पाठ के साथ ही गांव में भजन-कीर्तन और दीपदान का कार्यक्रम भी होगा।
ग्रामीणों का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा का यह पर्व आस्था, प्रकाश और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व है।
देव दीपावली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाए।







