रिपोर्ट: गौरव सिंह
जिला ब्यूरो चीफ, राजनांदगांव
बुलंद शहर न्यूज़
राजनांदगांव। गोल बाजार के मटन मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब दुकानदारों के विस्थापन का मामला उलझ गया है। नगर निगम ने हाट बाजार के एक बड़े हॉल में चबूतरे बनाकर प्रभावितों को जगह दिखाई है और जल्द आवंटन की बात कही है। लेकिन आधे दुकानदार वहां जाने को तैयार नहीं हैं। एक पक्ष ने व्यवस्था को नाकाफी बताते हुए चबूतरे पर दुकान लगाने में दिक्कतें गिनाईं, जबकि दूसरा पक्ष गोल बाजार में ही जगह देने की मांग पर डटा है।
दावेदारों की संख्या बनी चुनौती
प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती दावेदारों की बढ़ती संख्या है। राजगामी संपदा न्यास ने गोल बाजार के 30 दुकानदारों को नोटिस देकर सोमवार सुबह कार्रवाई की थी, लेकिन अब हाट बाजार में जगह मांगने वालों की संख्या 70 से अधिक हो गई है। पसरा लगाने वाले भी जगह की मांग कर रहे हैं। न्यास अब गोल बाजार के सामान्य दुकानदारों से सालों से बकाया किराया वसूलने की तैयारी में भी है।
मांस विक्रेताओं की अलग मांग
हाट बाजार के एक ही बड़े हॉल में चबूतरे बनाकर प्रशासन सभी को विस्थापित करना चाहता है। वहीं अलग-अलग मांस विक्रेताओं का कहना है कि एक ही स्थान पर अलग-अलग दुकानें लगाकर व्यापार करना संभव नहीं है, इसलिए उन्हें अलग हिस्सों में जगह आवंटित की जाए।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
गोल बाजार में रात के अंधेरे में दुकानों पर चली बुलडोजर कार्रवाई पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने महापौर मधुसूदन यादव को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने जिला प्रशासन, राजगामी संपदा न्यास और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
जल्द होगा आवंटन
प्रशासन के अनुसार हाट बाजार में विस्थापन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जल्द ही यहां जगह आवंटित की जाएगी, जिसके बाद दुकानें लगाई जा सकेंगी।







