दंतेवाड़ा। 28 नवंबर। जिला परिवहन कार्यालय दंतेवाड़ा में कथित अवैध वसूली और एजेंटों की सक्रियता को लेकर हाल ही में मीडिया में खबरें प्रकाशित हुई थीं। मामला सामने आने के बाद आरटीओ अधिकारी रविंद्र कुमार ठाकुर ने आश्वस्त किया था कि भविष्य में कार्यालय के भीतर एजेंटों और बिचौलियों को किसी भी प्रकार की एंट्री नहीं दी जाएगी। लेकिन अधिकारी के इस आश्वासन के बावजूद कार्यालय की स्थिति में अपेक्षित बदलाव होता नजर नहीं आ रहा है।
बताया जा रहा है कि आज भी एजेंट रूपी बिचौलिए कार्यालय के भीतर पहुंचकर बैठ रहे हैं और आम लोगों के वाहन संबंधी कार्यों को करवाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस संबंध में कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें कथित तौर पर एजेंट कार्यालय के अंदर बैठकर लोगों के काम करवाते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब आरटीओ कार्यालय में एजेंटों के प्रवेश पर रोक लगाने का भरोसा दिया गया था, तो फिर इनकी सक्रियता कैसे जारी है?
इस मामले में जब आरटीओ अधिकारी रविंद्र ठाकुर से एजेंटों की कार्यालय के भीतर मौजूदगी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनके कार्यालय में कोई एजेंट नहीं आ रहे हैं। हालांकि, सामने आई तस्वीरें अधिकारी के इस दावे पर सवाल खड़े कर रही हैं।

जिला परिवहन कार्यालय आम नागरिकों को लाइसेंस, वाहन पंजीयन एवं अन्य परिवहन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए है। ऐसे में कार्यालय के भीतर बिचौलियों की कथित सक्रियता से पारदर्शिता और आम लोगों की सुविधा प्रभावित होने की आशंका है। यदि एजेंटों का प्रवेश प्रतिबंधित है, तो कार्यालय के भीतर उनकी मौजूदगी की तस्वीरें सामने आना निश्चित तौर पर जांच का विषय है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कार्यालय में एजेंटों एवं बिचौलियों की कथित सक्रियता पर रोक लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।







