मनीष कुमार देहारी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से मुक्त कर सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करने के उद्देश्य से बालक उमावि में “परीक्षा पे चर्चा 2025” का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस विशेष कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद, विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े सहित सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी और पालकगण उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करने वाले इस प्रेरणादायक कार्यक्रम ने सभी को गहराई से प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने न केवल परीक्षा संबंधी तनाव से मुक्ति के उपायों को समझा, बल्कि परीक्षा के प्रति अपने दृष्टिकोण को सकारात्मक बनाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के पश्चात कक्षा 12 वीं के छात्र संजय नेताम ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि इस संवाद ने उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार किया है। अब वे बिना किसी भय के परीक्षाओं का सामना करने और अपनी पूरी क्षमता के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हुए हैं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री बागड़े ने इस अवसर पर कहा कि “परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक, शैक्षिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री जी के विचार न केवल परीक्षा के लिए बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाने के लिए मार्गदर्शक हैं।”
जिला शिक्षा अधिकारी श्री निषाद ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक संवाद विद्यार्थियों को न केवल परीक्षा में बल्कि जीवन की प्रत्येक चुनौती में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का हौसला देते हैं।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री जी के विचारों को आत्मसात कर अपनी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आग्रह किया। विद्यालय के सभी शिक्षकगणों ने भी छात्रों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।



