दुर्ग। दुर्ग शहर के प्रमुख हटरी बाजार में तड़के सुबह आगजनी की एक भीषण घटना घटी, जिसमें 6 दुकानों का भारी नुकसान हुआ। आग में ओम साई फुट वेयर, नागपुर बूट हाउस और अजीम इलेक्ट्रानिक्स जैसी प्रमुख दुकानों का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के बाद, पूर्व विधायक अरुण वोरा घटनास्थल पर पहुंचे और दुकानदारों से घटना की जानकारी ली। दुकानदारों ने बताया कि पहले पास खड़ी एक गाड़ी में आग लगी, और धीरे-धीरे यह आग आसपास की दुकानों में फैल गई, जिससे उनका सारा सामान जलकर राख हो गया।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर प्रशासन से जल्द से जल्द सहायता देने का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदारों के जीवनयापन को देखते हुए उसी स्थान पर पक्की दुकानों का निर्माण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
आगजनी के कारणों की जांच की जा रही है, और पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है।
इस मौके पर महापौर अलका बागमार, सभापति श्याम शर्मा, पार्षद जितेंद्र महोबिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुकानदारों से मुलाकात की। सभी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रभावितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।



