दुर्ग | दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। उरला क्षेत्र की लगभग 8 साल की मासूम बच्ची, जो सुबह घर से कन्या भोज के लिए निकली थी, शाम तक घर वापस नहीं आई। इसके बाद जब बच्ची का शव एक काली रंग की कार में पाया गया, तो इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह करीब 10 बजे घर से कन्या भोज के लिए निकली थी, लेकिन दिनभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की और बाद में मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची की तलाश में जुटने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों की जांच शुरू की। इसी दौरान, बच्ची का शव घर के पास स्थित ट्रांसफार्मर के पास खड़ी एक काली कार में मिला। बच्ची के शरीर पर कई काले निशान पाए गए, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसके साथ कोई अनहोनी घटी है।
मामला गंभीर होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार मालिक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। इसके साथ ही पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।
सीएसपी दुर्ग, चिराग जैन ने कहा कि आरोपी को पकड़ लिया गया है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी। वहीं, घटना के बाद देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात लोगों ने कथित आरोपी के घर में आग लगा दी और तोड़फोड़ की। पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।
बच्ची की हत्या से पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है। नगरवासियों का आरोप है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। पुलिस प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है, और मामले की जांच की जा रही है।



