नारायणपुर | पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार (भा.पु.से.) द्वारा माओवादियों के कायराना हरकत से आईईडी विस्फोट की घटना से हो रही नुकसान को देखते हुए क्षेत्र में आईईडी खोजने के लिए बीडीएस टीम को अगल-अलग क्षेत्रों में भेजा जा रहा है और नक्सलियों के द्वारा लगाये गये आईईडी को बरामद कराया जा रहा।
इसी कड़ी में दिनांक 30.05.2025 को जिला नारायणपुर क्षेत्रान्तर्गत कैम्प कुतुल से डीआरजी, आईटीबीपी एवं बीडीएस की संयुक्त बल एरिया डॉमिनेशन पर धुरबेड़ा, गुमरका एवं खोड़पार क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे।
सुरक्षा बलों ने गुरमका व खोड़पार के जंगल रास्ते पर 5 किलो से अधिक वजन वाले 10 आईईडी को खोजकर सुरक्षात्मक मानकों का पालन करते हुए उक्त बरामद आई.ई.डी. को निष्क्रिय किया, जिससे सुरक्षा बलों, स्थानीय आदिवासी ग्रामीणो व मवेशी, वन्य जीव जन्तु की मौत हो सकती थी या वे गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। माओवादियों द्वारा उक्त आईईडी को सुरक्षा बलो को नुकसान पहुंचाने के नीयत से लगाया गया था। वर्ष 2025 में अब तक कुल 33 से अधिक आईईडी जप्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार (भा.पु.से.) ने उक्त घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि- क्षेत्र में आईईडी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देवें, ताकि समय रहते आईईडी को निकाला जा सके जिससे सुरक्षा बल, ग्रामीणों एवं वन्य प्राणी को जान-माल की हानि होने से बचाया जा सकें। आईईडी की सही जानकारी देने व बरामद करवाने वाले व्यक्तियों को 5,000 रुपए तक की राशि ईनाम में दी जाएगी एवं उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।



