दुर्ग | दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के विकास और श्रमिक कल्याण योजनाओं पर हुई विशेष चर्चा भारतीय जनता मजदूर संघ (भा.ज.म.सं.) के प्रदेश सचिव नारायण सिंह घृतलहरे ने हाल ही में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विजय बघेल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच श्रमिकों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और संगठन की भावी रणनीतियों को लेकर विशेष चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान घृतलहरे ने दुर्ग क्षेत्र के औद्योगिक मजदूरों की स्थिति, उनकी सामाजिक सुरक्षा, वेतनमान, और कार्यस्थल पर सुविधाओं की कमी जैसे अहम मुद्दों को सांसद के समक्ष रखा। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि केंद्र व राज्य सरकार की श्रमहितैषी योजनाओं का लाभ ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाई जाए।
सांसद विजय बघेल ने श्रमिक हितों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे उचित मंचों पर आवाज़ उठाएंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि मजदूर देश की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा करना प्राथमिकता है।
यह मुलाकात सौहार्द्रपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



