अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर (बिलासपुर)। नगर पंचायत रतनपुर के नए भवन का निर्माण पुराने भवन की भूमि पर ही किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह मांग स्थानीय जनता की भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान भवन न केवल नगर का प्रशासनिक केंद्र है, बल्कि यह ऐतिहासिक और भौगोलिक दृष्टि से भी अत्यंत उपयुक्त स्थान पर स्थित है। इस भवन से नगर के सभी वार्डों के नागरिकों को समान रूप से सुविधा मिलती है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं वरिष्ठ नागरिक भी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में मांग रखी कि नए भवन का निर्माण उसी स्थल पर हो जहाँ वर्तमान भवन स्थित है, ताकि जनता को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
विधायक श्रीवास्तव ने कहा, “रतनपुर की जनता की सुविधा और परंपरा का सम्मान करते हुए हम सभी चाहते हैं कि नया भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो, लेकिन उसकी नींव उसी ऐतिहासिक स्थल पर रखी जाए जहाँ वर्षों से नगर प्रशासन कार्य कर रहा है।”
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जनता की भावना और भौगोलिक उपयुक्तता को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इस मुद्दे को लेकर नगर में चर्चा तेज हो गई है, और अब सभी की नजरें प्रशासन के आगामी निर्णय पर टिकी है |



