अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर, बिलासपुर। रतनपुर से 7 किलोमीटर दूर ग्राम पोंडी मे स्थित छत्तीसगढ़ के एकमात्र माँ मंगला गौरी धाम मंदिर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस पावन पर्व पर आदि गुरु जगतगुरु शंकराचार्य जी महाराज को श्रद्धा और भक्ति भाव से नमन किया गया।
मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विधिवत मंत्रोच्चार, हवन, आरती एवं प्रवचन के साथ पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। मंगला गौरी धाम को मां शक्ति के एक रूप के रूप में जाना जाता है और यह स्थान प्रदेश भर में आस्था का केंद्र माना जाता है।
पूजन समारोह में शामिल श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला। स्थानीय ग्रामीणों और दूर-दराज से आए भक्तों ने सामूहिक भजन कीर्तन और प्रसादी का लाभ लिया।
कार्यक्रम के संयोजक और मंदिर के मुख्य पुजारी श्री महंत रमेश शर्मा (अन्ना )महाराज ने ने बताया कि यह मंदिर छत्तीसगढ़ का एकमात्र माँ मंगला गौरी मंदिर है, जहां प्रति वर्ष गुरु पूर्णिमा पर विशेष आयोजन होता है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय प्रशासन के लोग भी उपस्थित रहे। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।



