अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/बिलासपुर: सावन माह का पहला सोमवार शिवभक्तों के लिए खास महत्व रखता है और इसी अवसर पर धार्मिक नगरी रतनपुर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख शिवालयों — बूढ़ा महादेव, सूर्यश्वर महादेव, कंठी देवल महादेव, सहित अन्य शिव मंदिरों में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
नर्मदा नदी से जल लेकर कांवर यात्रा करते हुए पहुंचे श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिरों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं और हर भक्त अपने आराध्य के दर्शन के लिए बेसब्री से इंतजार करता रहा।
श्रद्धा और सेवा दोनों का संगम
बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर में भक्तों की सेवा के लिए स्थानीय समितियों और स्वयंसेवकों द्वारा जलपान और विश्राम व्यवस्था भी की गई थी। वहीं मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
हर-हर महादेव से गूंजा रतनपुर
पूरे शहर में शिवमय वातावरण देखने को मिला। मंदिरों में भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला दिनभर चलता रहा। कई श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान शिव की विशेष आराधना करते दिखाई दिए।
श्रद्धालुओं ने कहा,
“सावन का पहला सोमवार भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने का विशेष दिन होता है, और रतनपुर जैसे धार्मिक स्थल पर आकर जल चढ़ाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”
प्रशासन रहा सतर्क
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा ट्रैफिक और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नगर पंचायत व पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



