नारायणपुर | भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममर्गाइं के निर्देशानुसार शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में 16 जुलाई को स्वीप मतदाता जागरूकता के अंतर्गत 18 से 19 वर्ष पूर्ण कर चुके नव प्रवेशित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने हेतु एक दिवसीय शिविर का आयोजन स्वीप प्रोफेसर नोडल अधिकारी प्रो. बी. डी .चांडक द्वारा किया गया।
महाविद्यालय के सहायक समन्वयक अरुण कुमार शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार की ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से मतदाता सूची तैयार करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय और उपयोगी है। इसके द्वारा विद्यार्थी आसानी से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाकर मतदान की प्रक्रिया में भागीदारी होकर अपने कर्तव्यों का पालन कर सकते हैं। स्वीप नोडल अधिकारी चांडक ने ऑनलाइन माध्यम से शिविर में विद्यार्थियों को समझाया कि किस प्रकार से अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में कैंपस अम्बेसडर कु. वंदना कमेटी व परमेश्वर वाल्मीकि द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3 से 4 बजे कक्ष क्रमांक 8 में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए आवेदन करने में सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
शिविर में स्थानीय बूथ लेवल अधिकारियों सुखनाथ ध्रुव एवं सुरेश कुमार उइके ने विद्यार्थियों को फॉर्म 6 तथा आवश्यक दस्तावेजो के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने पूर्ण उत्साह से अपने मोबाइल वोटर पोर्टल पर जाकर अपना अकाउंट बनाया और नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थिति थी।



