
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित प्राचीन बूढ़ा महादेव मंदिर में राम सप्ताह के समापन के उपरांत भगवान भोलेनाथ का भव्य कलश यात्रा के साथ जलाभिषेक किया गया। इस पुण्य अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। शिवभक्तों ने पूर्ण श्रद्धा भाव के साथ भगवान शंकर का जल से अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस पावन आयोजन में नगर के वार्ड पार्षद मनोज पाटले, समाजसेवी संतोष सोनी, अर्चना सोनी( पार्षद ) सहित अनेक श्रद्धालुजन एवं शिवभक्त शामिल हुए। सभी ने पारंपरिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच बाबा भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।

जलाभिषेक कार्यक्रम में श्रद्धालु सुबह से ही कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचे और बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत, फूल-माला एवं गंगाजल के साथ जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठा।

संतोष अर्चना सोनी( पार्षद ) ने बताया कि राम सप्ताह का समापन शिव पूजन एवं जलाभिषेक से करना परंपरा का हिस्सा है। इससे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और जनकल्याण की भावना मजबूत होती है।
इस आयोजन में नगरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक भजन-कीर्तन का आयोजन कर शिव महिमा का गुणगान किया। मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें जल, प्रसाद और विश्राम की व्यवस्था प्रमुख रही।



