
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। आज रतनपुर के वार्ड क्रमांक 05 एवं वार्ड क्रमांक 02 के रजहापारा खार, रानी पारा खार और सोनारपारा खार के किसानों ने मवेशियों द्वारा लगातार हो रहे फसल नुकसान को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। किसानों का कहना है कि खुले में घूम रहे मवेशी उनकी मेहनत से बोई गई फसलों को नुकसान पहुँचा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।
इस समस्या के समाधान के लिए किसानों ने संयुक्त रूप से नगरपालिका रतनपुर, रतनपुर थाना और तहसीलदार कार्यालय में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उन्होंने जिम्मेदार पशुपालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

किसानों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि जल्द ही इस पर ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा मजबूर होकर वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी मेहनत और पूरे सीजन की फसल बर्बाद हो जाएगी।



