रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दक्षिण कोरिया प्रवास के दौरान ग्रीन मोबिलिटी सॉल्यूशंस की अग्रणी कंपनी ModernTech Corp. और रेल रखरखाव समाधानों की प्रमुख कंपनी UNECORAIL को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, सतत परिवहन अवसंरचना का निर्माण और रेलवे नेटवर्क को सुदृढ़ बनाना है।
मुख्यमंत्री ने ModernTech Corp. को छत्तीसगढ़ में अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य को स्वच्छ ऊर्जा और सतत परिवहन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इससे प्रदेश को आधुनिक परिवहन ढांचा मिलेगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार अवसर प्राप्त होंगे और हरित तकनीकी कौशल का विकास होगा।
उन्होंने कहा, “ईवी चार्जिंग यूनिट की स्थापना न केवल स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को बल देगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण का उपहार देने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।”
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर घटक निर्माण इकाइयों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ हरित ऊर्जा क्षेत्र में उभरते हुए राष्ट्रीय हब के रूप में स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री साय ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि “निवेश प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है ताकि प्रोजेक्ट बिना किसी बाधा के शीघ्र क्रियान्वित हो सके।”
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने UNECORAIL के सीईओ डोंग पिल पार्क से भी भेंट की। बैठक में स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग, तकनीकी हस्तांतरण और रेलवे अवसंरचना विकास में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बढ़ती औद्योगिक और लॉजिस्टिक आवश्यकताओं को देखते हुए रेलवे क्षेत्र में अत्याधुनिक समाधान बेहद अहम हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि UNECORAIL की विशेषज्ञता से राज्य के रेलवे नेटवर्क और रखरखाव व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। इससे उद्योग और व्यापार को गति मिलने के साथ-साथ आम जनता को भी सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को अपनी नीति का केंद्रीय तत्व बना रही है। उन्होंने सभी निवेशकों से आह्वान किया कि वे छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के भागीदार बनें और राज्य को नए शिखरों तक पहुँचाने में योगदान दें।
इस दौरे को छत्तीसगढ़ में हरित ऊर्जा और रेलवे क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय निवेश व सहयोग की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।



