सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | नारायणपुर जिले के डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने मंगलवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) नारायणपुर को ज्ञापन सौंपकर CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के पिछले नौ माह से लंबित भुगतान को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
ज्ञापन में बताया गया है कि जनवरी 2025 से सितंबर 2025 तक की प्रोत्साहन राशि अभी तक स्वास्थ्यकर्मियों को प्राप्त नहीं हुई है, जबकि पड़ोसी जिला कोंडागांव में जनवरी से मार्च 2025 तक का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।
स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि नारायणपुर जिला वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित क्षेत्र में आता है, जहाँ स्वास्थ्य सेवाएँ देना अपने आप में जोखिमभरा कार्य है। डॉक्टर व स्टाफ न केवल नियमित सेवाएँ दे रहे हैं, बल्कि बम धमकी वाले इलाकों में ट्रायजिंग, मुठभेड़ों के बाद पोस्टमॉर्टम कार्य और दूरस्थ व सड़कविहीन गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने जैसी जिम्मेदारियाँ भी निभा रहे हैं। इसके बावजूद प्रोत्साहन राशि का भुगतान लंबित रहना “निराशाजनक” बताया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इसी विषय पर 16 जुलाई 2025 को भी ज्ञापन सौंपा गया था और 7 अगस्त 2025 को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को व्यक्तिगत रूप से आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्वास्थ्यकर्मियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 21 सितंबर 2025 तक लंबित भुगतान नहीं किया गया, तो वे आवश्यक कदम उठाने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



