नागेश साहू की रिपोर्ट :-
मुंगेली। थाना फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र में 10 सितम्बर की रात युवक हेमप्रसाद साहू की लोहे के रॉड से हत्या कर मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।
प्रार्थी हेमचंद साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 9 बजे नवोदय विद्यालय के सामने ग्राम दाबो रोड किनारे बैठे समय अज्ञात हमलावरों ने हेमप्रसाद साहू पर लोहे के रॉड से हमला कर हत्या कर दी और उनका मोबाइल व हेमचंद की मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
साजिश का खुलासा
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी नेतराम साहू (43) ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते अपने साले सुनील साहू (20) को 50 हजार रुपये देकर हत्या की सुपारी दी थी। नेतराम को यह शिकायत थी कि ग्राम दाबो निवासी तुलसी साहू और उनका बेटा नरेन्द्र उर्फ पप्पू ने उसकी नौकरी रुकवाने और एफआईआर कर परेशान किया। नेतराम ने नरेन्द्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसका फोटो सुनील को भेजा।
सुनील ने अपने साथियों शुभम पाल (18), गौकरण साहू (20) और एक नाबालिग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। 10 सितम्बर की रात चारों ने दाबो रोड किनारे बैठे हेमप्रसाद और हेमचंद को पप्पू समझकर हमला कर दिया। हेमप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमचंद भागने में सफल रहा।
पुलिस कार्रवाई
मुंगेली एसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल और बोलेरो वाहन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- नेतराम साहू (43), निवासी सिल्ली
- सुनील साहू (20), निवासी पौनी पुसेरा
- शुभम पाल (18), निवासी चकरभांठा
- गौकरण साहू (20), निवासी बड़े पौनी
- एक नाबालिग आरोपी
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी गिरिजाशंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी सुशील कुमार बंछौर सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



