सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर |छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा से लगे नारायणपुर जिले के अभूझमाड़ इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय समिति के दो बड़े सदस्य मारे गए। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ 22 सितंबर 2025 की सुबह शुरू हुई और रुक-रुक कर कई घंटों तक चली।
मारे गए माओवादी की पहचान राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी (63) और कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी (67) के रूप में हुई है। दोनों तेलंगाना के करीमनगर जिले के रहने वाले थे और छत्तीसगढ़ सरकार ने इन पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
सुरक्षा बलों को घटनास्थल से एके-47 राइफल, इंसास राइफल, बीजीएल लॉन्चर, बड़ी मात्रा में विस्फोटक, माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग की वस्तुएँ बरामद हुईं। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने इसे माओवादियों के खिलाफ चल रहे अभियानों में बड़ी सफलता बताया।
उन्होंने माओवादी कैडरों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने और सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की। पुलिस का कहना है कि इन दोनों माओवादियों पर कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और वे पिछले तीन दशकों से दंडकारण्य क्षेत्र में कई हिंसक घटनाओं के मास्टरमाइंड रहे।



