
अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रतनपुर के महामाया मंदिर परिसर में लगाई गई मंदिरों की प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। यह अनोखी प्रदर्शनी इतिहासकार बलराम पांडे के निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश से आए भक्तों ने भारी संख्या में शिरकत कर विभिन्न मंदिरों के दर्शन लाभ प्राप्त किया।
प्रदर्शनी में भारतवर्ष के प्रमुख मंदिरों को दर्शाया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थल पर सभी प्रमुख मंदिरों की झलक देखने का अवसर मिला। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से इन मंदिरों के दर्शन किए और प्रदर्शनी की सराहना की। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य रतनपुर आने वाले दर्शनार्थियों को भारत के मंदिरों की जानकारी प्रदान करना और रतनपुर के वैभवशाली इतिहास से परिचित कराना बताया गया।
इतिहासकार बलराम पांडे ने कहा कि यह पहल न केवल श्रद्धालुओं को धार्मिक दृष्टि से लाभान्वित करती है, बल्कि रतनपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करती है। प्रदर्शनी स्थल पर श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ उमड़ती रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस प्रदर्शनी में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री नेहा धूपिया भी पहुंचे। उनके आगमन से प्रदर्शनी स्थल पर उत्साह और बढ़ गया। साथ ही हजारों की संख्या में माता महामाया के भक्तों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बताया।
रतनपुर की नवरात्रि उत्सव के दौरान आयोजित यह प्रदर्शनी भक्तों के लिए एक अनूठा धार्मिक और सांस्कृतिक संगम साबित हुई, जिसने न केवल श्रद्धालुओं को आस्था से जोड़ा बल्कि उन्हें भारतीय मंदिरों की गौरवशाली परंपरा की झलक भी कराई।