
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को विश्व प्रसिद्ध शक्ति पीठ रतनपुर स्थित माँ महामाया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माँ महामाया की आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रांगण में मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें नवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र शक्ति उपासना का पर्व है, जो हमें सत्य, धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। माँ महामाया की कृपा से प्रदेश में शांति और समृद्धि बनी रहे, यही प्रार्थना है।

रतनपुर पहुँचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ महामाया के दर्शन हेतु उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक “जय महामाया” के जयकारे लगाए।
माँ महामाया मंदिर छत्तीसगढ़ का प्राचीनतम एवं प्रसिद्ध शक्ति पीठ है, जहाँ नवरात्रि पर्व पर लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुँचते हैं। मुख्यमंत्री का इस अवसर पर मंदिर आना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस तरह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का रतनपुर आगमन नवरात्रि पर्व को और अधिक भव्य व ऐतिहासिक बना गया।



